गाजियाबाद नेशनल हाईवे पर कस्बे से बाहर स्थित रिलायंस पेट्रोप पंप के सेल्समैनों से कार सवार नकाबपोश बदमाश सोमवार को तड़के 1.69 लाख रुपये लूट ले गए। बदमाशों की संख्या आधा दर्जन बताई गई है, जो पंप पर पेट्रोल डलवाने के बहाने आए थे। वहीं पंप की तिजोरी के दूसरे हिस्से में रखा करीब 12 लाख रुपया बच गया। बदमाशों की हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है।
रिलायंस कंपनी का यहां पर काफी पुराना पेट्रोल पंप है। इसकी देखरेख अलीगढ़ के ही संदीप कुमार बतौर मैनेजर करते हैं। वाकया करीब तड़के करीब साढ़े चार बजे का है। एकाएक सफेद रंग की कार की पेट्रोल पंप पर दाखिल हुई, जिस दौरान वह अंदर घुस रही थी, तभी एक कार पंप से निकल रही थी। उसे अंदर आए कार सवारों ने इशारा देकर रुकवाने का प्रयास किया। मगर वह कार सवार बिना रुके चला गया।
इसके बाद अंदर आए कार सवारों ने उतरते ही अंदर केबिन में घुसकर वहां मौजूद सेल्समैन संदीप निवासी देवपुर, हरिमोहन निवासी कन्होई थाना गभाना, योगेश निवासी भोगपुर थाना चंडौस पर तमंचा तान दिए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें डरा धमकाकर ऑफिस में रखे लॉकर की चाबी लेकर उसमें रखे 1.69 लाख रुपये लूट लिए। साथ ही हाथ में मौजूद थैला भी छीन लिया, उसमें ज्यादा रुपये नहीं थे। रुपये कब्जे में करने के बाद बदमाश कार में सवार होकर भाग गए।
इस सूचना पर इलाका पुलिस में हड़कंप मच गया। खबर पाकर मौके पर एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी नीरज जादौन, इंस्पेक्टर राजीव यादव, सर्विलांस, एसओजी टीम आदि ने पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की। साथ ही भागे बदमाशों की तलाश शुरू कराई। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश लूटपाट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर उनका हुलिया जानने की कोशिश की जा रही है।
इधर, बताया गया है कि जिस तिजोरी में से बदमाश रुपये ले गए, उसमें दो पार्ट हैं। तिजोरी के दूसरे पार्ट में करीब 12 लाख रुपये और रखा था। मगर उसकी चाबी सेल्समैनों के पास नहीं थी। इसलिए वह जाने से बच गया। एसएसपी राजेश पांडेय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।