गांधीपार्क की यादव कालोनी में तीन दिन पहले हुई किशोरी की हत्या कर शव बीच रास्ते पर फेंके जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि खुद किशोरी के पिता ने की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य और पिता से पूछताछ के बाद खुलासा कर दिया है। जिस वजह से यह हत्या की गई है, वह तथ्य बेहद चौंकाने वाला है। अपनी पत्नी की हरकतों से तंग था। पत्नी पर उसका जोर न चला तो बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
एसपी क्राइम डॉ.अरविंद व सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस लाइन मीटिंग हॉल में प्रेसवार्ता के दौरान संयुक्त रूप से बताया कि 17 जून की रात नौ बजे गांव धनीपुर के पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने यादव नगर में 13 साल की खून से लथपथ किशोरी गली में पड़ी मिली थी। उसे मेडिकल कॉलेज ले गए तो वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि उसकी सिर में किसी वजनी वस्तु से मारकर हत्या की गई है।
उसकी पहचान सपना पुत्री लोकेश निवासी पला फाटक गांधीपार्क मूल निवासी पहाड़पुर पहासू अरनिया बुलंदशहर के रूप में हुई। उसकी मां ने बताया कि सपना शाम छह बजे अचानक गायब हो गई थी। उसने यह भी बताया कि उसके पति सुबह ही काम पर चले गए हैं। इसी बीच एक जगह सीसीटीवी फुटेज में सपना एक अधेड़ उम्र व्यक्ति संग जाती हुई कैद पाई गई। जब इस व्यक्ति की पहचान भी लोकेश के रूप में हुई। इस पर लोकेश से पूछताछ हुई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
लोकेश ने बताया कि सबमर्सिबल लगाने का काम करता है। उसे पत्नी का व्यवहार पसंद नहीं है। जहां रहते हैं, वहां पत्नी की वजह से बदनामी झेलनी पड़ती है। इसका असर बेटी पर भी पड़ रहा था। इसी बात से दुखी होकर वह बेटी को घर से गोल गप्पे खिलाने के बहाने लेकर निकला और घर से हथौड़ी छिपाकर लाया। मौका मिलते ही हथौड़ी से बेटी की हत्या कर वह भाग गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, खून से सनी शर्ट आदि भी बरामद कर लिया है। आरोपी को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
खुलासे में सीओ व इंस्पेक्टर सुधीर धामा व उनकी टीम शामिल रही।
हमदर्द नगर हमले में भी हुई एक और गिरफ्तारी
सिविल लाइंस पुलिस ने हमदर्द नगर जमालपुर में पिछले माह अकरम टिप्पा गैंग द्वारा किए गए हमले के मामले में भी असद पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी गोल मार्केट हमदर्द नगर जमालपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं बन्नादेवी पुलिस ने दहेज हत्या में शबनम पत्नी इस्लाम निवासी बरौला जाफराबाद को पकड़ा है।