एनजीटी की ओर से पटाखा बिक्री और इस्तेमाल पर लगाए प्रतिबंध की खबर को लेकर सोमवार को अलीगढ़ के विक्रेताओं की सांसें फूल गईं। नुमाइश मैदान में सजी अस्थायी दुकानों के संचालकों के बीच दिन भर यह खबर चर्चा का विषय रही। हर कोई यह जानने में लगा रहा कि अलीगढ़ में भी आदेश लागू हुआ है या नहीं। हालांकि देर शाम तक इस विषय में जिला प्रशासन की ओर से कोई आदेश न आने पर विक्रेताओं ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने बताया कि एनजीटी के आदेश या उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कोई ज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि जिला प्रशासन ने हर साल की तरह इस साल भी नुमाइश मैदान में अस्थायी पटाखा बाजार लगाने की अनुमति जारी की है। इस साल कुल 204 दुकानों का लाइसेंस हुआ है। छह नवंबर से यह दुकानें लगना शुरू हो गई। 16 नवंबर तक यहां बिक्री होगी। इन 204 दुकानों पर करोड़ों रुपये का माल बिक्री के लिए सज गया है। एक दुकानदार मोहित गुप्ता ने बताया कि एनजीटी के आदेश के संबंध में कई न्यूज वेबसाइटों व सोशल मीडिया के जरिये खबर मिली है। अगर, यूपी और अलीगढ़ में भी पटाखों की बिक्री पर बैन लग गया तो नुमाइश मैदान में दुकान सजा चुके सभी दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो जाएगा।