नकली पनीर खिलाकर और दूध पिलाकर रोगी बनाने वालों के खिलाफ शुक्रवार को लखनऊ से आई खाद्य विभाग की टीम ने चंडौस क्षेत्र के गांव टीकरी, ताजपुर और सबलपुर में चार डेयरियों पर छापेमारी की। 25 सदस्यीय दल ने मौके से 450 किलो नकली पनीर व पनीर बनाने वाला सामान तथा 2165 लीटर नकली दूध बरामद किया है। सभी जगह से 19 नमूने लिए गए और एक मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नकली पनीर की सप्लाई एनसीआर क्षेत्र में की जा रही थी।
टीम ने गांव टीकरी में पहुंचकर सतीश पनीर डेयरी पर छापा मारा। यहां से 2000 लीटर मिलावटी दूध को नष्ट कराया और 98 किलो स्किम्ड दूध, 52 किलो पामोलीन, 158 किलो पनीर बनाने के लिए दूध फाड़ने वाला केमिकल बरामद कर सीज कर दिया। यहां से छह नमूने लेकर डेयरी बंद करा दी। टीकरी में ही चौहान डेयरी से भी पनीर, एसएमपी घोल, मिश्रित दूध, सपरेटा के चार नमूने लिए और कारोबार में सुधार करने के निर्देश दिए।
गांव ताजपुर में अमन मिल्क डेयरी से 165 किलो मिलावटी दूध, 450 किलो मिलावटी पनीर को नष्ट कराया। 25 किलो पामोलिन ऑयल को सीज करते हुए ,मिश्रित दूध, मिलावटी पनीर, पामोलिन व स्वीट पाउडर सहित छह नमूने लिए। डेयरी संचालक अमन कुमार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह ने मिलावटी खाद्य उत्पाद तैयार करने के आरोप में चंडौस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पिसावा के गांव सबलपुर स्थित बालाजी फूड प्रोडक्ट डेयरी से पनीर व दूध के दो नमूने लिए और वहां दूध डालने के लिए आए दूध विक्रेता के दूध का भी नमूना लिया।
15 दिन पहले भी सुदेशपुर व सहजपुरा में भरे थे नमूने
विदित है कि 15 दिन पहले ही चंडौस के गांव सुदेशपुर व सहजपुरा में आधा दर्जन डेयरियों से खाद्य विभाग द्वारा 22 नमूने लिए थे। डेयरी संचालक के पुत्र को जेल भेजा गया था। इतनी कार्रवाई होने के बाद भी डेयरी संचालकों में कोई डर नहीं है और धड़ल्ले से मिलावटी पनीर का भारी मात्रा में उत्पादन कर एनसीआर में सप्लाई कर रहे हैं। कुछ दिन काम बंद रखते हैं और मामला ठंडा पड़ने पर फिर से काम शुरू कर दिया जाता है।
ऐसी ही शिकायतें मिलने पर लखनऊ मुख्यालय की टीम में गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, हाथरस तथा अलीगढ़ के अधिकारी शामिल थे। टीम में मंडल सहायक आयुक्त खाद्य अजय जायसवाल, अलीगढ़ के खाद्य सहायक आयुक्त दीपक सिंह सहित करीब 25 लोग शामिल थे।
- छापामार कार्रवाई में 19 नमूने लिए गए हैं। 450 किलो नकली पनीर और 2165 किलो दूध बरामद किया गया है। एक डेयरी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मिलावट किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। - दीपक सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) अलीगढ़