कोविड वैक्सीनेशन शिविर का निरीक्षण करती डीएम सेल्वा कुमारीं ।
- फोटो : CITY OFFICE
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने शुक्रवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हरदुआगंज पहुंचकर कोविड टीकाकरण का जायजा लिया और चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए शत-प्रतिशत लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो लोग टीकाकरण के लिए केंद्र पर नहीं आ रहे हैं, उन्हें जागरूक करते हुए उनका टीकाकरण कराया जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अन्य लोगों को टीकाकरण के फायदों के बारे में बताएं ताकि वे भी टीकाकरण करा सकें।
डीएम ने कलेक्ट्रेट में कोरोना से बचाव को लेकर अधीनस्थों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रसार में गति देखने को मिल रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह से सक्रिय होकर कार्य करना है। उन्होंने टीकाकरण की समीक्षा करते हुए प्रत्येक एमओआईसी को निर्देशित किया कि वे जनहित एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत रुचि लेकर टीकाकरण का कार्य जल्द पूरा करें। प्रत्येक सीएचसी पर बेडध् क्षमता को बढ़ाते हुए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निगरानी टीमों को सक्रिय करने व 15 से 17 वर्ष की आयु तक के बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए कहा। सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने सभी एमओआईसी को प्रत्येक सीएचसी पर 30-30 बेड आरक्षित करने, ऑक्सीजन कन्संट्रेटर एवं आवश्यक दवाइयों का भंडारण भी चेक करने के लिए निर्देशित किया।