कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का खतरा व्यापार पर मंडराता नजर आ रहा है। देश-विदेश में बिजनेस टूर पर जाने वाले उद्यमी एवं व्यापारी यात्रा पर पुनर्विचार कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने की स्थिति में देश-विदेश के टूर पर असर पड़ने की आशंका है।
उद्यमी चंदन पांडेय ने बताया कि वह शुक्रवार को ेभुवनेश्वर जाने वाले हैं। दिल्ली से हवाई जहाज का टिकट है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए यात्रा पर अब विचार कर रहा हूं कि जाना ठीक होगा या नहीं। दिल्ली एयरपोर्ट पर कोविड जांच एवं टीका से लेकर अन्य कई तरह की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। हो सकता है कुछ नई गाइड लाइन आ जाए। विदेश यात्रा पर जाने वाले लोग भी आशंकाओं से घिर गए हैं। लॉकडाउन में फंसने का डर सता रहा है। संक्रमण का भी खतरा है।
आज तुर्की रवाना हो रहे शहर के तीन उद्यमी
अलीगढ़। शहर के तीन उद्यमी इस्तांबुल फेयर में शामिल होने के लिए आज तुर्की रवाना हो रहे हैं। इस्तांबुल में 2 से 4 दिसंबर के बीच अंतरराष्ट्रीय निर्यात प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। उद्यमी शलभ जिंदल ने बताया कि तुर्की जा रहे उद्यमियों में गौरव मित्तल, प्रतीक जिंदल और अभिनव बत्रा भी शामिल हैं। शलभ जिंदल ने बताया कि ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित देशों में तुर्की शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि हर प्वाइंट पर चेकिंग जरूर बढ़ा दी गई है। साथ में 72 घंटे की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट रखना है। वैक्सीनेशन का प्रमाण पत्र भी साथ रखना है।
यूगांडा जा रहे उद्यमी
अलीगढ़। अफ्रीकी देश यूगांडा में उत्तर प्रदेश के 86 उद्यमी जा रहे हैं, जिसमें एक उद्यमी अलीगढ़ के हैं। उद्यमी 3 दिसंबर को रवाना होंगे।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की 86 सदस्यीय टीम यूगांडा जा रही है। आईआईए के मनोज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उद्यमी निर्धारित तिथि पर यूगांडा जाएंगे। उन्होंने बताया कि युगांडा में ओमिक्रॉन वैरिएंट का एक भी मामला नहीं है। कार्यक्रम में वहां के प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति शामिल होने वाले हैं। 86 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में अलीगढ़ के सिद्धार्थ बोथरा शामिल हैं।