बरेली-मथुरा हाईवे पर सोमवार दोपहर बाइक सवार दंपती को पीछे से ट्रैवलर गाड़ी के चालक टक्कर मार दी। पत्नी की मौके पर ही मृत्यु हाे गई, पति ने उपचार के लिए आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
जनपद मथुरा के कस्बा महावन की नई बस्ती निवासी गिर्राज सिंह (52) पत्नी मिथलेश (50) के साथ बाइक से अपनी साली के यहां थाना मुरसान जनपद हाथरस के गांव डेगरा जा रहे थे। सुबह 11:30 बजे रास्ते में बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव मनीपुर के समीप कट पर पीछे से आ रहे ट्रैवलर वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मिथलेश की मौके पर मृत्यु हाे गई। गंभीर रूप से घायल गिर्राज को बागला जिला अस्पताल हाथरस में ले जाया गया, यहां से गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर करने पर आगरा ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
कोतवाली प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि दंपती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैवलर वाहन को कब्जे में लिया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। गिर्राज सिंह की खेतीबाड़ी है। उन्होंने अपने पीछे तीन बेटे सुनील, अनिल, अजय व एक बेटी राधा को छोड़ा है।