त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 2 मई को होने वाली मतगणना के लिए सोमवार को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में तीन पालियों में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण के सहायक प्रभारी बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि 6000 मतगणना कार्मिकों को रविवार व सोमवार में 50 मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को 2400 प्रशिक्षणार्थियों में 187 कार्मिक अनुपस्थित पाए गये, जिनके विरुद्ध राज्य निर्वाचन आयोग की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 1310 शिक्षामित्रों को पी-1, पी-2 रिजर्व कार्मिक के तौर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाना था। इनमें से 169 शिक्षामित्रों के अनुपस्थित रहने पर 1141 को प्रशिक्षित किया गया। बीएसए ने प्रशिक्षणार्थियों को सचेत किया कि किसी भी पार्टी या प्रत्याशी के प्रलोभन या दबाव में आए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। पुलिस एवं प्रशासनिक टीम आपके साथ है।