त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतदान तो जिले में निपट गया है। अब दो मई को मतगणना होनी है। प्रशासन और निर्वाचन कार्यालय इसके इंतजामों में जुटा है। शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) विधान जायसवाल ने कोरोना की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के लिए सीएमओ को पत्र जारी किया।
इसमें साफ है कि प्रत्याशियों/मतगणना एजेंटों को अपनी कोविड जांच रिपोर्ट जमा करानी होगी। इसके अलावा, मतगणना केंद्रों पर बिजली की पर्याप्त व्यवस्था के लिए बिजली विभाग को पत्र जारी किया गया।
इन स्थलों पर होगी मतगणना
गंगीरी ब्लाक के रघुनंदन इंटर कालेज, छर्रा
अकराबाद ब्लाक के हबीब खां इंटर कालेज, अकराबाद
धनीपुर ब्लाक के कृषि उत्पादन मंडी परिसर
लोधा ब्लाक के स्वामी विवेकानंद टेक्नोलॉजी कालेज, लोधा
गोंडा ब्लाक के लगसमा इंटर कालेज, गोड़ा
इगलास ब्लाक के शिवदान सिंह इंटर कालेज, इगलास
बिजौली ब्लाक के बिहारीलाल भारती महाविद्यालय पालीमुकीमपुर
टप्पल ब्लाक के जमुना खंड इंटर कालेज, टप्पल
खैर ब्लाक के राजकीय महाविद्यालय, खैर
अतरौली ब्लाक के वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी महाविद्यालय
जवां ब्लाक के नवाब सिंह चौहान ग्रामोदय इंटर कालेज, कासिमपुर पावर हाउस
चंडौस ब्लाक के गांधी इंटर कालेज, चंडौस
कोरोना की गाइडलाइन के तहत यह नियम तय
- प्रत्याशियों/एजेंटों द्वारा मतगणना प्रारंभ होने के 48 घंटे पूर्व आरटीपीसीआर अथवा रैपिड एंटीजन टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट अथवा कोविड-19 वैक्सीनेशन कोर्स पूरे किए जाने की रिपोर्ट देनी होगी। इनके न होने पर मतगणना केंद्र में प्रवेश के समय पल्स ऑक्सीमीटर से टेस्ट, थर्मामीटर से टेस्ट के उपरांत मतगणना स्थल पर प्रवेश की अनुमति होगी।
- प्रत्येक मतगणना केंद्र पर मतगणना के समय मेडिकल हेल्थ डेस्क होगी। इस पर आवश्यक दवाओं के साथ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।
- कोई भी व्यक्ति बिना मास्क लगाकर परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। सामाजिक दूरी का ख्याल रखना होगा।
- मतगणना एजेंटों की सूची निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को 48 घंटे पूर्व जमा करानी होगी।
- मतगणना प्रक्रिया के दौरान मतगणना केंद्र के बाहर भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी।
- मतगणना कक्ष में सामाजिक दूरी, वेंटिलेशन, एग्जॉस्ट पंखों का प्रबंध राज्य आपदा प्रबंधन के प्रोटोकॉल के अनुसार होगा।
- मतगणना केंद्रों पर मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व मतगणना के दौरान पाली परिवर्तन के समय एवं मतगणना समाप्ति पर सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
- मतपेटिकाओं व स्टील ट्रंक को सैनिटाइज किया जाएगा।
- मतगणना टेबल की संख्या कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार होगी।
- मतगणना हॉल में प्रवेश के समय सभी व्यक्तियों के लिए साबुन, पानी की पर्याप्त व्यवस्था होगी। सभी व्यक्तियों को अपने हाथ सैनिटाइज करने होंगे।