एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड-19 वार्ड में भर्ती दो और मरीजों ने कोरोना को हराकर अपने घर वापसी की है। मंगलवार को इन दोनों लोगों के पूरी तरह स्वस्थ हो जाने के बाद इन्हें घर जाने की छुट्टी दे दी गई। इस तरह मेडिकल कॉलेज से अब तक 14 लोग स्वस्थ होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं। इनमें तीन रेजिडेंट डॉक्टर्स भी शामिल हैं।
मंगलवार को जो लोग स्वस्थ होकर घर गए हैं, उनमें एक 34 वर्षीय महिला और एक 45 वर्षीय पुरुष है। एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि अब तक कुल 14 लोग सही होकर अपने घर जा चुके हैं, जबकि 14 लोगों का वार्ड में अभी उपचार चल रहा है। उम्मीद है यह भी जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।