कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक हैं तो मास्क लगाने में लापरवाही क्यों। यह सवाल हर किसी जागरूक व्यक्ति के मन में कौंध रहा है। बाजार हो या प्रतिष्ठान या फिर सरकारी और निजी कार्यालय, सभी स्थानों पर मास्क न लगाने वाले लोग मिल रहे हैं। इससे रोजाना करीब 2500 लोगों की जांच कर रहे स्वास्थ्य विभाग के अफसर हैरान हैं। सीएमओ ने सभी से मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकालने की अपील की है।
सीएमओ डॉ. बीपी कल्याणी ने माना कि जिले में कोविड-19 के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ती जा रही है। अब लोग कोविड-19 से बचाव का पालन भी कर रहे हैं, इसके साथ ही वे बचाव के साथ अपने दैनिक काम भी कर रहे हैं। इसका असर भी दिखने लगा है। जहां पहले लोग कोरोना के लक्षण आने पर उसे छिपाते थे, वहीं अब लोग स्वयं आगे आकर अपनी जांच करा रहे हैं। जनपद में इन दिनों रोजाना लगभग 2,500 से ज्यादा लोगों की कोविड जांच हो रही है । मोबाइल टीम द्वारा 15 वर्कर कोविड-19 की जांच कर रहे हैं, और घरों पर घर डोर टू डोर मोबाइल टीम द्वारा सर्वे भी किया जा रहा है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम भास्कर ने कहा कि कोविड-19 का संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। इससे बचाव करना अब भी जरूरी है. इसलिए जब भी घर से बाहर जाएं तो मास्क अवश्य पहनें। कोविड-19 का लक्षण दिखे तो स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।