पिछले कई दिनों से कोरोना मुक्त चल रहे अलीगढ़ जिले से मंगलवार को बुरी खबर सामने आई है। सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए उस्मानापड़ा निवासी एक शख्स की मौत हो गई है। यह जिले में कोरोना संक्रमण से पहली मौत है।
वहीं उसकी बेटी और बहनोई के रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आया है। इस संदेह पर उन दोनों को हरदुआगंज के लेवल-1 अस्पताल में क्वारंटीन कर सैंपल अग्रिम जांच के लिए भेजा गया है। वहीं जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
सोमवार को देहली गेट के उस्मानपाड़ा निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पाजीटिव पाया गया था। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए बगैर जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती किए गए इस व्यक्ति की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद इसके परिजन फरार हो गए थे।
पुलिस टीमों ने देर रात सभी 14 परिजनों को पकड़ लिया। इनका परीक्षण कराया गया तो पीडि़त की 14 वर्षीय बेटी और पड़ोस में रहने वाले और उसके बहनोई का रैपिड टेस्ट पॉजिटिव आया है। बेटी को उसकी मां के साथ और बहनोई को हरदुआगंज के एल-1 श्रेणी के अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया गया है।