कोरोना का डर शेखूपुर गांव के लोगों पर इस कदर हावी हुआ कि उन्होंने गांव आए दो रिश्तेदारों को सोमवार रात बारह बजे पुलिस की मदद से अस्पताल भेज दिया। जहां से जांच पड़ताल के बाद मंगलवार सुबह दोनों को छुट्टी दे दी गई।
शेखूपुर गांव के स्वर्गीय जीतपाल सिंह उर्फ जीता की पत्नी संगीता का एटा जिले के गांव उड़ेली में मायका है। कई दिन पहले संगीता की मां राखी और भाई विनोद दिल्ली से संगीता से मिलने शेखूपुर गांव आए थे। दोनों मां बेटा को खांसी-जुखाम था। एक झोलाछाप दवा ले रखी थी। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों मां- बेटा घर से नहीं निकल रहे थे। ग्रामीणों को कोरोना होने की शंका हुई। चर्चा पूरे गांव में फैली तो ग्रामीण परेशान होने लगे। सोमवार रात करीब बारह बजे ग्रामीणों ने 100 नंबर पर फोन कर कोरोना पीड़ित होने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से मां बेटे को रात में ही जिला अस्पताल भेज दिया। जहां से दोनों को सुबह छुट्टी दे दी गई।