कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन आज से फिर जिले की सीमाओं पर बाहरी जिलों-प्रदेशों से आने वालों की कोरोना जांच कराएगा। जिलाधिकारी ने बुधवार को जिले के सभी सीमाओं पर कोविड टेस्ट के लिए टीमें तैनात करने का आदेश स्वास्थ्य विभाग को जारी किया है। रोडवेज बसों और निजी वाहनों से आने वालों पर विशेष निगाह रखी जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कोरोना की समीक्षा बैठक स्वास्थ्य विभाग के साथ की। इसमें उन्होंने आदेश दिया कि जिले की सीमा पर कोरोना टेस्ट सिर्फ उन व्यक्तियों का होगा, जो अलीगढ़ के रहने वाले हैं या अपने किसी रिश्तेदार के घर यहां आ रहे होंगे। जिले से होकर किसी अन्य जनपद को जाने वाले व्यक्तियों की जांच नहीं की जाएगी। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि अगर चेकिंग के दौरान कोई व्यक्ति संक्रमित पाया जाता है और वह अलीगढ़ का रहने वाला है तभी उसे अलीगढ़ के सरकारी कोविड अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जाएगा। अगर, कोई संक्रमित किसी अन्य जिले या राज्य का है तो उसे वापस उसके गृह जनपद भेज दिया जाएगा। साथ ही वहां के जिला प्रशासन को उसके विषय में अवगत करा दिया जाएगा। जिले में दिल्ली से आने वालों की गभाना, दिल्ली व हरियाणा से आने वालों की खेरेश्वर चौराहा, एटा जिले से आने वालों की गोपी, कासगंज से आने वालों की गंगीरी, हाथरस-आगरा से आने वालों की मडराक, मथुरा से आने वालों की इगलास व बुलंदशहर से आने वाले लोगों की अतरौली बॉर्डर पर ही कोविड जांच की व्यवस्था की गई है।
संक्रमितों के संपर्कियों का कोरोना टेस्ट जरूरी
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में जितने भी कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं, उन सभी के संपर्क वालों की कोरोना जांच अवश्य कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परिवार वालों को होम क्वारंटीन भी किया जाए।
रेलवे स्टेशन पर भी जांच अनिवार्य
दिल्ली-बिहार से आने वाली ट्रेनों से अलीगढ़ जंक्शन पर उतरने वाले यात्रियों का स्टेशन पर ही कोविड टेस्ट कराए जाने के भी निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को ही स्टेशन पर पहुंच गई। निकास द्वार पर कोविड की जांच की जाएगी। यहां सुरक्षा बल के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तैनात किया गया है। हालांकि इस दौरान कुछ यात्री बिना टेस्ट कराए भी चले गए।