जेएन मेडिकल कॉलेज में आज से 7 बूथों पर भारत बायोटेक कंपनी द्वारा तैयार कोवाक्सिन टीका लगाया जाएगा। 29 जनवरी को जनपद में 44 बूथों पर स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। 37 बूथ जनपद में बनाए गए हैं। जबकि 7 बूथ जेएन मेडिकल कॉलेज में बनाए गए हैं। जनपद में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया पुणे द्वारा तैयार कोविशील्ड टीका स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया जाएगा। एक डोज लगाने के बाद दूसरा डोज सुरक्षित रखा जा रहा है।
अब तक 3858 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविशील्ड ही लगे हैं। जेएन मेडिकल कॉलेज में 7 बूथों पर शुक्रवार से भारत बायोटेक कंपनी द्वारा तैयार कोरोना टीका कोवाक्सिन टीका लगाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज में 7 बूथों पर 875 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज में पहले से कोवाक्सिन का ट्रायल चल रहा है। उल्लेखनीय है कि एएमयू के शताब्दी समारोह में ऑनलाइन शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से लड़ाई में एएमयू की भूमिका की सराहना की थी।
सुरक्षा घेरे में आए 3858 लोग
जनपद में 3858 लोगों को अब तक टीका लग चुका है। ये सभी सुरक्षा घेरे में आ गए हैं। 16 जनवरी को जनपद में 281 लोगों को टीका लगा था। उसके बाद 22 जनवरी को 1296 लोगों को टीका लगा था। 28 जनवरी को 2281 लोगों को टीका लगने के बाद कुल 3858 लोग सुरक्षा घेरे में आ गए हैं।