कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से हो रहे इजाफे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर के बाद अब गांवों में फिर से रैंडम सैंपलिंग कराने का प्लान बनाया है। डीएम ने एडीएम प्रशासन व सभी एसडीएम को जांच कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द सैंपलिंग की दर को बढ़ाया जाए और जिले को कोरोना मुक्त किया जाए।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना की जांच बढ़ाई जाए। इसमें सभी एसडीएम अपने अपने स्तर से मॉनिटरिंग करें। इसके साथ ही अतरौली एल-2 हॉस्पिटल की तैयारियों के संबंध में सीएमओ से जानकारी मांगी। सीएमओ ने बताया कि एल-2 हॉस्पिटल के लिए डॉ. राम विहारी को सीएमएस बना दिया गया। हॉस्पिटल में डॉक्टर व स्टाफ की तैनाती की जा रही है। जल्द ही उसे शुरू कर दिया जाएगा। इधर, सीएमओ, एसीएमओ व दीन दयाल अस्पताल के सीएमएस व डॉक्टरों को निर्देश दिए कि वे हॉस्पिटल में भर्ती कोविड मरीजों का चेकअप नियमित तौर पर करें। उसके फ़ोटो, वीडियो कोरोना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं।