फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना मरीजों के घर का 200 मीटर दायरा होगा कंटेनमेंट, होगी सैंपलिंग

विज्ञापन
विज्ञापन
कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए मरीज के घर का 200 मीटर दायरा कंटेनमेंट जोन घोषित करने के साथ ही उस परिधि में आने वाले घरों के लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी। इसके अलावा, दीनदयाल अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच के साथ ही कोविड एंटीजन जांच भी होगी, जिससे संदिग्ध मरीजों को तत्काल जांच रिपोर्ट दी जा सके। अन्य राज्यों/जिलों से आने वाले व्यक्तियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह कोविड कंट्रोल रूम के नंबर 05712420100, 05712420101 को सूचना अवश्य दें।
विज्ञापन

मंडलायुक्त गौरव दयाल ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में कोविड की समीक्षा बैठक स्वास्थ्य व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ की। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वह संक्रमितों के आवास के 200 मीटर की परिधि में कोविड-19 की जांच के लिए सैंपलिंग कराएं। यदि कोई व्यक्ति सैंपल नहीं कराता है अथवा व्यवधान पैदा करता है तो संबंधित मजिस्ट्रेट/एसडीएम व पुलिस की मदद से कार्रवाई करें।
सीएमओ बीपी कल्याणी ने बताया कि दीनदयाल अस्पताल में केवल आरटीपीसीआर जांच हो रही है, मलखान सिंह जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर व एंटीजन से भी जांच की जा रही हैं। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि दीन दयाल में भी एंटीजन किट के माध्यम से जांच कराई जाए।
विज्ञापन

इसके अलावा डीके सक्सेना को दीनदयाल अस्पताल में प्रभारी अधिकारी हेल्प-डेस्क के तौर पर नियुक्त किया है। वह दीनदयाल में भर्ती संक्रमित मरीजों के परिवारीजनों को उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देंगे। आज कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना के साथ ही उसका नंबर भी जारी किया जाएगा।
इसके अलावा दीनदयाल व मलखान सिंह जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सक/पैरामेडिकल स्टाफ को कम से कम दो घंटे के अंतराल में कोविड मरीजों के पास जाकर उनके हालचाल के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। यदि कोई समस्या आ रही हो तो तत्काल उपचार कराया जाएगा। सीएमओ को निर्देश दिए कि दीनदयाल व मलखान सिंह जिला अस्पताल में सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती करें।
बैठक में सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, सीएमओ, एसडीएम कोल रंजीत सिंह, एसएलओ संजीव ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कागजों में न रहें नोडल अधिकारी, मौके पर जाकर करें निरीक्षण
जिला प्रशासन की ओर से निजी कोविड अस्पतालों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने इन सभी नोडल अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि वह सिर्फ कागजों में सीमित न रह जाएं। अस्पतालों में जाकर निरीक्षण करें।
अस्पताल किस प्रकार का उपचार दे रहे हैं, कितना पैसा लिया जा रहा है, क्या किसी तीमारदार या मरीज को परेशानी आ रही है आदि पर रिपोर्ट तैयार करें। कहा कि एक भी मरीज से इलाज के नाम पर निर्धारित फीस से अधिक की वसूली न हो, इसके लिए लगातार निरीक्षण करते रहें।
निर्देश दिए कि अस्पतालों में देखा जाए कि किसी मरीज को बेवजह ऑक्सीजन सपोर्ट पर न रखा गया हो। कोरोना कंट्रोल सेंटर पर दैनिक आने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण कराया जाए। बाल संरक्षण गृह में कोविड-19 की जांच कराई जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें