कोरोनावायरस पीड़ित महिला ने बच्ची को दिया जन्म
- फोटो : Twitter
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 से प्रभावित जिंदगी और मौत से जूझ रही एक गर्भवती महिला ने सिजेरियन प्रसव के बाद एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। इस महिला को कई अस्पतालों ने अपने यहां भर्ती करने से मना कर दिया था, जिसको बाद में जेएन मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। जहां चिकित्सकों ने तत्काल महिला को आईसीयू वार्ड में भर्ती कर इस सफल आपरेशन को अंजाम दिया।
जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं सीएमएस प्रो. शाहिद अली सिद्दीकी ने बताया है कि महिला और नवजात शिशु पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि यह कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिला उच्च रक्तचाप की रोगी थी और इसको तत्काल आपरेशन की आवश्यकता थी।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने इसको कोविड-19 आईसोलेशन कांपलेक्स आपरेशन थियेटर में तत्काल भर्ती कर स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक डॉ. इनास और डॉ. आरजू ने इस आपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। आपरेशन के दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए सभी ऐहतियाती उपाय भी अपनाए गए। जिसमें बाल एवं शिशु रोग विभाग के चिकित्सक प्रो. एस मनाजिर अली और रेजीडेंट डॉ. नाजरा ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। महिला को एनेस्थीसिया डॉ. सिदरा और सालिस द्वारा दिया गया।
डॉ. मनाजिर ने बताया कि नवजात का वजन 3 किलोग्राम है और उसकी मां भी पूरी तरह सुरक्षित है। चिकित्सक इस बात को सुनिश्चित कर रहे हैं कि बच्चा किसी भी प्रकार से कोरोना वायरस से प्रभावित न होने पाये।
एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने जेएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा है कि कोरोना वायरस के विरुद्ध लड़ाई में एएमयू पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। मेडिकल कॉलेज में कोराना वायरस की जांच नि:शुल्क की जा रही है और मेडिकल कॉलेज का स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग सहित अन्य विभाग भी टेलीमेडीसिन के द्वारा ओपीडी सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।