पंचायत चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस पार्टी का अंतर्विरोध सतह पर आने लगा है। मंगलवार को जिला कार्यालय पर हुई बैठक में कुछ नेताओं ने आरोप लगाया था कि पार्टी के टिकट के लिए आवेदक सामने नहीं आ रहे हैं। ऐसे में पार्टी किसको दमदारी से लड़ाएगी। हालांकि, पार्टी के जिला अध्यक्ष ऐसे बयानों को बेबुनियाद बताया है।
कांग्रेस कमेटी जोन टू के पूर्व प्रवक्ता इरशाद सलीम ने मंगलवार को हुई बैठक में स्पष्ट रूप से कह दिया था कि किसी भी स्तर पर संगठन में जन अभियान नहीं हुआ है। न कमेटियों का गठन हुआ। अगर ऐसा होता तो आज कांग्रेस को 47 जिला पंचायत सदस्य, 1100 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 867 ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों को तलाशना न पड़ता। साथ ही बैठक में यह भी बात उठी कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी महीनों से जमे रहे लेकिन वह संगठन सृजक अभियान का लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं कर पाए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जो लोग जिला पंचायत से पहले पार्टी के संबंध में अनर्गल बयान दे रहे हैं, उनका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। वह निष्क्रिय नेताओं की श्रेणी में आते हैं। बयान देना बहुत आसान है। हम काम करने वाले लोग हैं। जमीन पर काम कर रहे हैं। पंचायत चुनाव में पार्टी मजबूत तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
वार्ड 10 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे राजू पासवान
कांग्रेसी नेता राजू पासवान वार्ड 10 से जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। राजू पासवान को पिछले दिनों इसी बात के लिए पार्टी ने कारण बताओ नोटिस दिया था। इस पर राजू पासवान ने कहा कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी से बाहर नहीं गए। राजू पासवान के प्रकरण से पार्टी की स्थिति को और भी स्पष्ट रूप से समझा जा सकता है।