नोएडा से सैमसंग कंपनी के लाखों रुपये कीमत के फ्रिज लेकर लखनऊ जा रहा कंटेनर बृहस्पतिवार रात हाईवे बाईपास पर लूट लिया गया और चालक को बदमाश कोतवाली क्षेत्र में फेंक गए। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो चालक ही संदेह में घिरता नजर आ रहा है। खुद कंपनी प्रबंधन ने चालक के खिलाफ ट्रक माल सहित गायब करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से शाहजहांपुर गढिया रंगीन क्षेत्र के सिमरा-डिगौरा का अवनीश फरीदाबाद की केशवदेव रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट कंपनी का कंटेनर चलाता है। अवनीश ने पुलिस को दी सूचना के अनुसार बृहस्पतिवार रात वह नौ बजे नोएडा के सूरजपुर स्थित सैमसंग कंपनी से कंटेनर में 100 फ्रिज लादकर लखनऊ के लिए चला। उसका कहना है कि कंपनी से बाहर निकलते ही वेयर हाउस के पास दो बदमाशों ने उसे रोककर पहले बातों में लगाया। फिर तमंचा दिखाकर कंटेनर में कब्जे में कर लिया। बाद में उसे मारपीट कर कुछ सुंघाकर बेहोश कर कंबल में पीछे डाल दिया। बदमाशों में से एक कंटेनर लेकर चल दिया।
इस बीच उसकी जेब से चार हजार नकद, मोबाइल, कागजात आदि भी निकाल लिए और कोतवाली क्षेत्र में हाईवे बाईपास पर नशे की हालत में उतारकर भाग गए। यहां उसने एक चाय विक्रेता की मदद से शाहपुर कुतुब पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी। इस सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान उसका मेडिकल परीक्षण कराया तो उसके नाक व हाथों पर खरोंच के निशान थे। इस खबर पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर पंकज कुमार सुबह यहां पहुंच गए। उन्होंने चालक से बातचीत के बाद चालक पर ही माल सहित कंटेनर गायब करने का संदेह जताते हुए अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया है।
इधर, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत का कहना है कि चालक इस घटना को लेकर बार-बार बयान बदल रहा है। जिस कारण घटना के प्रति संदेह पैदा हो रहा है। दूसरा नोएडा से चलते ही कंटनेर का जीपीएस भी बंद है। यह भी खुद में एक सवाल है। फिर भी गहराई से जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।