महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के एटा चुंगी से सटी सरोज नगर कालोनी में हुई ज्वैलर्स के घर लूट व पत्नी की हत्या की वारदात में पुलिस विवेचना चार्जशीट की ओर बढ़ रही है। खास बात है कि लूट व कत्ल के जुर्म में ज्वैलर्स दंपती का बेटा, उसका दोस्त और दोनों की प्रेमिकाएं जेल में हैं । पुलिस अब इस वारदात में मजबूत साक्ष्य करने की दिशा में दोनों मुख्य आरोपियों के हाथों के फिंगर प्रिंट संकलित करने की तैयारी में है। इसके लिए जल्द न्यायालय से अनुमति लेकर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिर घर से संकलित किए गए फिंगर प्रिंटों को दोनों के फिंगर प्रिंटों से मिलान कराकर विवेचना में शामिल किया जाएगा।
वाकया 19 फरवरी की दोपहर का है, जब कुलदीप ज्वैलर्स के स्वामी के घर एक करोड़ से अधिक के जेवरात की लूट और उनकी पत्नी कंचन वर्मा की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के खुलासे में पुलिस ने दो दिन में ही पाया कि कोई और नहीं, बल्कि अपनी प्रेमिका से शादी कर घर से अलग रह रहा बेटा ही मुख्य आरोपी है। पुलिस ने बेटा, उसके दोस्त, उसकी कथित पत्नी और दोस्त की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद किया था। चारों को 21 फरवरी को जेल भेजा था। चूंकि नियमानुसार गिरफ्तारी के 90 दिन में चार्जशीट दाखिल करनी होती है। इसलिए पुलिस अब जल्द चार्जशीट दायर करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में सबसे अहम काम पुलिस का शेष है, वह है फिंगर प्रिंट के मिलान का।
विवेचक इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल के अनुसार घटना के वक्त घर की तिजोरी से जो फिंगर प्रिंट फील्ड यूनिट से संकलित किए थे। वे हमारे पास सुरक्षित हैं। अब उनका मिलान मुख्य आरोपी योगेश व उसके दोस्त के फिंगर प्रिंट से होना है। इसके लिए न्यायालय से अनुमति लेकर जेल से दोनों के फिंगर प्रिंट संकलित किए जाएंगे और फिर पहले से मौजूद प्रिंटों से उनका मिलान कराकर उन्हें केश डायरी का हिस्सा बनाकर चार्जशीट के साथ कोर्ट में पेश किया जाएगा। बाकी विवेचना का काम लगभग पूरा हो चुका है। बस माल की शिनाख्त भी शेष है। वह भी जल्द पूरी करा दी जाएगी।
बेटे की कथित पत्नी की जमानत अर्जी दायर
मामले में मुख्य आरोपी योगेश की कथित पत्नी सोनम उर्फ चित्रा की ओर से सत्र न्यायालय में जमानत अर्जी दायर की गई है, जिस पर सुनवाई के लिए सोमवार की तारीख न्यायालय स्तर से तय की गई है और पुलिस से कमेंट भी मांगे हैं।
ये हैं आरोपी
- योगेश उर्फ राजा सरोज नगर एटा चुंगी क्वार्सी (आरोपी बेटा)
- सोनम उर्फ चित्रा नगला मसानी देहली गेट (बेटे की कथित पत्नी)
- तनुज चौधरी देवनगर खैर बाईपास बन्नादेवी(बेटे का दोस्त)
- शेहजल चौहान उर्फ रिनी गूलर रोड बन्नादेवी (दोस्त की प्रेमिका)