भीषण गर्मी के बीच सोमवार देर रात से मंगलवार तक शहर और आसपास के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। बार-बार ट्रिपिंग और घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और छोटे कारोबार पर भी पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।
जमालपुर उपकेंद्र के धौर्रा माफी क्षेत्र में बिजली लाइन का खंभा टूटने से आपूर्ति बाधित रही। वहीं सुरेंद्र नगर, घनश्यामपुरी, जीवनगढ़, कामाख्या मंदिर क्षेत्र, प्रकाश नगर, गंभीरपुरा, बिहारी नगर, महेंद्र नगर, भगवान नगर, कृष्णापुरी, सारसौल, कुलदीप विहार, स्वर्ण जयंती नगर, उदय विहार, बनियापाड़ा और सासनी गेट के सुदामापुरी फीडर पर दिनभर कई बार ट्रिपिंग होती रही। इससे उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई स्थायी सुधार नहीं हो रहा है। अधीक्षण अभियंता (शहरी) अंशुमान यादव ने बताया कि तकनीकी खराबियों को दूर करने के लिए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सामान्य विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।