अलीगढ़ शहर की वीआईपी कॉलोनियों में शुमार स्वर्ण जयंती नगर की सड़क की दशा बदलने वाली है। रामघाट रोड से क्वार्सी बाईपास को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी नई सीसी सड़क बनाई जाएगी। इस पर 19.26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क की चौड़ाई सात मीटर होगी।
रामघाट रोड पर अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के कार्यालय से अवंतिका फेस प्रथम, स्वर्ण जयंतीनगर से महाराणा प्रताप गेट व पुलिया से क्वार्सी-एटा चुंगी बाईपास तक सड़क का निर्माण होगा। सड़क के साथ-साथ दोनों तरफ पक्का नाला, स्ट्रीट लाइट (पथ प्रकाश), फुटपाथ और जरूरी जगहों पर पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि इलाके की सुंदरता भी बढ़ेगी। बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी।
टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यह काम अलीगढ़ के अमित ट्रेडर्स को सौंपा गया है। कंपनी को यह कार्य छह महीने में पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और अप्रैल-मई में पूरा हो जाएगा। गौरतलब है कि स्वर्ण जयंती नगर की सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके निर्माण के लिए कई बार आवाज उठ चुकी है। मुख्य अभियंता बीके सिंह ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के फेज द्वितीय में इस सड़क का चयन हुआ है। 25 फीसदी धनराशि भी जारी हो चुकी है। इस सड़क के बनने से आवागमन बेहतर होगा।
स्वर्ण जयंती नगर की सड़क का निर्माण कार्य छह माह में कार्यदायी संस्था को पूरा करना है। 19.26 करोड़ रुपये से बनने वाले सीसी रोड पर पार्किंग और फुटपाथ की भी व्यवस्था होगी।-प्रेमप्रकाश मीणा, नगर आयुक्त