फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद में कानून बनाकर हो राम मंदिर का निर्माण

Mon, 17 Jul 2017 12:57 AM IST
अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
पत्रकारों से वार्ता करते विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीन तोगडि़या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि संसद में कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण हो। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के तीन साल के काम की तारीफ की।
विज्ञापन


आगरा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित विहिप की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक में शामिल होने आए डॉ. तोगड़िया ने पत्रकारों से कहा कि राम मंदिर निर्माण का समय आ रहा है। मंदिर निर्माण का एक ही रास्ता है, जो सोमनाथ मंदिर के समय सरदार पटेल ने बताया था। उन्होंने कहा कि संसद में कानून बनाकर राम मंदिर निर्माण हो। मोदी सरकार पर उन्होंने कहा कि तीन साल में आर्थिक विषयों पर अच्छा काम किया है।

अब हिंदुओं के विषय अर्थात राम मंदिर और गो हत्या बंदी का कानून संसद में बन जाए, जो हिंदू जनता की इच्छा है। इस दिशा में जल्द निर्णय होना चाहिए। विधान सभा में विस्फोटक एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आतंकियों के निशाने से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरा देश जेहादी आतंकवाद के निशाने पर है। देश व दुनिया को इसके लिए सावधान रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जेहादी आतंकवाद का सरकार व नागरिक मिलकर मुकाबला करें। 
विज्ञापन


गो रक्षा अभियान को धार दे गए डॉ. तोगड़िया 
अलीगढ़। गाय के नाम पर हो रही हिंसा एवं तनाव को लेकर पूरे देश में बहस छिड़ी हुई है। ऐसे वातावरण में विश्व हिंदू परिषद के नेता एवं कार्यकर्ता गो रक्षा एवं गो सेवा अभियान को और धार देने की तैयारी कर रहे हैं। गो रक्षकों को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने की योजना है ताकि गो कारोबार करने वालों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। गो चारागाह को दबंगों से खाली कराने तथा घायल अनाथ गायों के लिए गो चिकित्सा केंद्र शुरू करने की योजना है। विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया तीन दिन (14 से 16 जुलाई) अलीगढ़ में रहने के बाद रविवार को दिल्ली रवाना हुए। इस दौरान उन्होेंने गो रक्षा अभियान की जमकर वकालत की। आगरा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय बैठक एवं रामलीला मैदान में आयोजित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में गो रक्षा का मुद्दा छाया रहा। डॉ. तोगड़िया ने स्पष्ट कर दिया कि गो हत्या को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए आंदोलन चलाया जाएगा ताकि गो हत्यारों को फांसी की सजा का कानून बन सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि विहिप कार्यकर्ता आलोचनाओं पर ध्यान न दें और गो सेवा का कार्य जारी रखे। 

विभाग मंत्री राम कुमार आर्य ने बताया कि प्रांतीय बैठक में पहले से गठित गो रक्षा समिति एवं गो रक्षा चौकी को धारदार बनाने का निर्णय लिया गया है। गो रक्षकों को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गो चारागाह को दबंगों ने हथिया लिया है, जिसे मुक्त कराया जाएगा। अनाथ घायल गायों के लिए गो चिकित्सा केंद्र शुरू करने की योजना है। अलीगढ़ में इस दिशा में चल रहे कार्य की डॉ. तोगड़िया ने सराहना की। रामलीला मैदान में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. तोगड़िया ने कर्ज से मुक्ति एवं स्वावलंबी बनने के लिए किसानों से यूरिया, डीएपी एवं पोटाश जैसे रसायनिक खाद त्यागकर जैविक खाद अपनाने का आह्वान किया और कहा कि किसानों की समृद्धि का रास्ता केंचुआ खाद से होकर गुजरता है। इस क्रम में गोबर एवं गो मूत्र आदि की महत्ता को रेखांकित किया और बताया कि कैसे गोबर एवं मूत्र फसल के लिए लाभदायक हैं। 

हिंदुओं की रक्षा के लिए बनाएंगे धर्म योद्धा 
कौशल कुमार ओझा 
हिंदुओं की रक्षा के लिए धर्म योद्धा बनाए जाएंगे। इसका निर्णय आगरा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक में लिया गया। अलीगढ़ के 1350 में से 600 गांवों में धर्म योद्धा तैयार करने की योजना है।

 विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया की मौजूदगी में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय बैठक में हिंदुओं की रक्षा के लिए धर्म योद्धा बनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रदेश में सितंबर माह से बजरंग दल में भर्ती अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। अलीगढ़ महानगर एवं देहात में 35 हजार युवाओं को बजरंग दल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। देहात को 15 हजार एवं महानगर को 20 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

अन्य जिलों को अलग-अलग लक्ष्य दिया गया है। इसमें सत्संग, ग्राम रक्षा समिति, महाआरती, हनुमान चालीसा, स्थापना दिवस आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। विभाग मंत्री राम कुमार आर्य ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत सम्मेलन एवं चौपाल आयोजित कर कार्यकर्ताओं को राम जन्म भूमि स्थल पर मंदिर बनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने प्रत्येक गांव में 7 पदाधिकारी बनाने का निर्णय लिया है। अखंड भारत संकल्प दिवस का भी आयोजन किया जाएगा।  बैठक में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया, संयुक्त क्षेत्रीय संयोजक सुरेंद्र मिश्रा, केंद्रीय मंत्री शिवनारायण, प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ईश्वरी प्रसाद सिंह, विभाग मंत्री राम कुमार आर्य, केदार सिंह, प्रवीण भारद्वाज, धर्मवीर सिंह, लक्ष्मी, अजय ठाकुर, अरुण तोमर, प्रकाश कसेरे, अमित शर्मा आदि के अतिरिक्त विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृ शक्ति, गो रक्षा आदि के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आिद थे।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें