थाना गोंडा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढांटौली के मजरा भाेरे की नगरिया में खड़ंजा और नाली निर्माण कराने पहुंचे पंचायत सचिव व प्रधान के पुत्र को गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से धमकाते हुए काम रुकवा दिया। आरोप है कि उसने जान से मारने की भी धमकी दे डाली। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सचिव और प्रधान पुत्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई हो रही है।
ग्राम प्रधान सतवीरी देवी के पुत्र सुभाष चंद्र व पंचायत सचिव मनोज कुमार ने बताया कि गांव के प्राइमरी स्कूल के सामने एक साल से जलभराव है। इसके निदान के लिए पंचायत में प्रस्ताव पास कर नाली निर्माण शुरू होना था। एसडीएम इगलास के आदेश पर शनिवार को वे नाली निर्माण कराने के लिए जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि उसी वक्त गांव निवासी एक युवक अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर मौके पर आ गया। आरोप है कि बंदूक लहराकर गालीगलौज करते हुए उसने काम रुकवा दिया। जान से मारने की धमकी देना लगा। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक से बंदूक का लाइसेंस तलब किया तो उसने अपना लाइसेंस दिखाया। विरोध कर रहे युवक ने दलील दी है कि उक्त कार्य हाथरस के सांसद की निधि से मंजूर हो चुका है, इसलिए यह निर्माण कार्य ग्राम पंचायत की निधि से न कराया जाए, वह ऐसा नहीं होने देगा। गोंडा थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार मामले में पंचायत सचिव व प्रधान पुत्र की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।