जवां नहर के पास 17 जुलाई को सड़क आमने-सामने की बाइक भिड़ंत में कानपुर में तैनात एक सिपाही व जवां क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई थी। अब सिपाही के परिवार ने इसे साजिशन एक्सीडेंट करार देकर सिपाही के ससुरालियों पर आरोप लगा रहे हैं। रविवार को परिवारीजन थाना जवां शिकायत करने पहुंचे। अब सोमवार को अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
यूपी पुलिस में कानपुर में तैनात कांस्टेबल संदीप तोमर पुत्र कुशलवीर सिंह मूल रूप मढ़ा हबीपुर, खैर के रहने वाले थे। हाल में परिवार बरौला जाफराबाद, बन्नादेवी में रहता है। 17 जुलाई को वह डिबाई निवासी अपने बहनोई के घर से बाइक पर लौट रहा थे। शाम करीब पांच बजे जवां नहर के पास उसका सामने से आती दूसरी बाइक से एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में संदीप की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों में से जवां के सोंगरा निवासी एक युवक ने शनिवार को दम तोड़ दिया और दूसरा घायल है।
इधर, एक्सीडेंट की खबर पर संदीप के परिजन जवां पहुंचे और शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार को ले आए थे। इसकी खबर अपने मायके में मौजूद संदीप की पत्नी को हुई तो उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर शिकायत कर दी कि परिवार वाले गुपचुप उसका अंतिम संस्कार कर रहे हैं। इस पर बन्नादेवी पुलिस मृतक के घर पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को संदीप के शव का पोस्टमार्टम हुआ। उसके बाद अंतिम संस्कार हुआ। अब रविवार को संदीप के पिता व अन्य परिजन थाना जवां पहुंचे और बहू व उसके परिवार वालों पर साजिशन एक्सीडेंट कराने का आरोप मढ़ा है। इसके साथ ही उन्होंने मामले में उच्चाधिकारियों से सोमवार को मुलाकात करने की बात कही। एसओ जवां अभय शर्मा के मुताबिक परिवार वाले आरोप लगा रहे हैं, जबकि घटनास्थल के पास की पुलिस की पिकैट तैनात थी। पुलिस के सामने हादसा हुआ था। सिपाहियों से जानकारी मिली है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार होने के कारण आमने-सामने टकराई थी। साजिश जैसी बात समझ से परे है।