उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ''संगठन सृजन अभियान'' को अलीगढ़ में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बूथ और ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारी नियुक्त करने के लिए पार्टी को पर्याप्त लोग नहीं मिल पा रहे हैं। जिला और महानगर में सभी स्तरों पर कुल 20426 पदों पर पदाधिकारी नियुक्त करने हैं।
स्थिति यह है कि जिले के सभी स्तरों, ब्लॉक और बूथ स्तर पर कुल 20,000 से अधिक पदाधिकारियों की आवश्यकता है, लेकिन पार्टी को इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं। हालांकि, पार्टी के जिलाध्यक्ष दावा करते हैं कि कांग्रेस का जनाधार धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस ने घोषणा की है कि आगामी पंचायत चुनावों में जो भी कांग्रेसी चुनाव जिताएंगे या जीतेंगे, उनके नामों पर विधानसभा चुनाव के लिए विचार किया जाएगा। इसी के तहत आगामी 100 दिनों के लिए ''संगठन सृजन अभियान'' भी चलाया गया। इस अभियान का क्या अंजाम होगा, यह मंगलवार को जिला कार्यालय पर हुई बैठक में स्पष्ट हो गया, जहां जमकर हंगामा हुआ। इस घटना से संगठन की आंतरिक कलह सतह पर आ गई।
कांग्रेस पार्टी मजबूत हो रही है। उसका जनाधार बढ़ रहा है। कुछ लोग पार्टी को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इनके संबंध में पार्टी आलाकमान को अवगत कराया जा रहा है। जिला कार्यालय पर हुई बैठक में तय किया गया कि जो नेता संगठन की बैठक में नियमित नहीं आ रहे हैं। उनको नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। सभी पदों पर नियुक्ति हो रही हैं।- ठा. सोमवीर सिंह, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस