राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 509 की खस्ता हालत और हो रहे गड्ढों के खिलाफ कांग्रेसियों ने सड़क के गड्ढों में पौधा लगाकर अपना विरोध व्यक्त किया। कांग्रेस नेता इंजीनियर आगा यूनुस के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने हाथों में तख्ती बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता आगा यूनुस ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 509 मुरादाबाद आगरा और अलीगढ़ महानगर को जोड़ता है। इस राजमार्ग को लोकनिर्माण विभाग द्वारा बनाया गया है, लेकिन इस की मौजूदा हालत बहुत दयनीय है।
इस सड़क पर बनाए गए बिना मानक के डिवाइडर, पथ प्रकाश व्यवस्था, बनाया गया फ्लाईओवर लोगों के लिए और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पुरानी चुंगी से अल बरकात की ओर चलने पर सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह खाई में बदल गया है। यहां पर गंदगी और जलभराव बना रहता है। कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन किसी का भी ध्यान नहीं है। इन्हीं सब बातों को देखते हुए सड़क के गड्ढों में अब पेड़ लगाए गए हैं, जिससे संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके।
इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के चेयरमैन और केंद्रीय मंत्री को पत्र भी भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई उत्तर वहां से नहीं आया है। इस मौके पर डॉ. नाहीद अख्तर, जरीना खान, मुन्ना नकवी, मोहम्मद नदीम, नीरज सिंह, मोहम्मद आसिफ, राजू, कुमेल अली, कृपाल, मोहम्मद रजा, अजहर अली, तनजीम हैदर, सुशील, राजकुमार आदि मौजूद रहे।