सासनीगेट-आगरा रोड पर श्री राधा रमण गोशाला समिति द्वारा वर्ष 2010 से गोशाला का संचालन किया जा रहा है। इस समिति में करीब 450 महिला व पुरुष सक्रिय सदस्य हैं। वर्तमान में गोशाला में 417 गोवंश हैं। गोवंश की देखरेख के लिए समिति के ओर से कर्मचारी भी रखे गए हैं। गोशाला समिति के संरक्षक अखिल मांगलिक व कोषाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता के अनुसार शहर व देहात क्षेत्र से घायल या गंभीर रूप से बीमार गोवंश को लाया जाता है, जिन्हें उपचार के बाद ठीक होने पर संबंधित को वापस दे दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गोशाला समिति को बेवजह बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि समिति का काम सबके सामने है। कोई भी आकर यहां की व्यवस्थाओं को परख सकता है।
गोवंश की दुर्दशा के आरोप गलत पाए गए
आगरा रोड पर स्थित राधारमण गोशाला के कुछ फोटो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी ने गोशाला का दौरा किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे गोवंश की दुर्दशा के आरोपों की जांच की। पता चला कि वायरल हो रहीं तस्वीरें गलत थीं। निरीक्षण में पाया कि गोशाला में कुछ गायें दुर्घटना में घायल हुई थीं, जिन्हें इलाज के लिए वहां लाया गया था। लोगों ने इन्हीं घायल गायों की तस्वीरें खींचकर उन्हें मृत बताकर फैला दिया था।