नीलांचल एक्सप्रेस को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर करीब 20 मिनट तक रोका गया। उसके बाद दाऊद खान स्टेशन पर ट्रेन करीब 13 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा।
दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही ट्रेन संख्या 02876 नीलांचल एक्सप्रेस में शुक्रवार सुबह अलीगढ़ स्टेशन से पहले तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते अलीगढ़ स्टेशन पर 20 मिनट और दाउद खां रेलवे स्टेशन पर 13 मिनट के लिए दोबारा ट्रेन को रोका गया। पूरी तरह खराबी दूर किए जाने के बाद सुबह 10.20 ट्रेन रवाना की गई।
विज्ञापन
नीलांचल एक्सप्रेस सुबह करीब 9:31 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पायलट दल ने ट्रेन में तकनीकी खराबी की जानकारी कंट्रोलर को दी। इस पर सहायक स्टेशन मास्टर आईपी सिंह व टीएक्सआर विभाग के अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने पहुंचकर इस खराबी को दूर करने का प्रयास किया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक ट्रेन अलीगढ़ स्टेशन पर ही खड़ी रही।
हालांकि खराबी पूरी तरह दूर नहीं हुई जिस पर अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रैक खाली रखने के लिए ट्रेन को आगे दाउद खान स्टेशन तक ले जाया गया। वहां पर ट्रेन को 13 मिनट तक दोबारा रोककर तकनीकी खराबी सही की गई। पूरी तरह से खराबी दूर होने पर ट्रेन रवाना की गई। ट्रेन के दो बार रोके जाने और गर्मी के चलते यात्री परेशान नजर आए।
विज्ञापन
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन में छोटी सी तकनीकी समस्या सामने आई थी। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को रोककर खराबी को दूर कराई गई, इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।