रामघाट रोड पर सुबह 8 बजे छाया रहा कोहरा।
- फोटो : CITY OFFICE
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बृहस्पतिवार को भी जिले का मौसम ठंडा रहा। कई दिन बाद कोहरा पड़ने से लोगों को परेशानी हुई। वहीं सर्द हवाओं ने लोगों को खूब सताया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को जिले में सात विधानसभा सीटों पर चुनाव भी था। ठंड के चलते सुबह पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की भीड़ कम रही। धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से राहत मिली, उसके बाद मतदान स्थलों का रुख किया।
बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिसने दृश्यता कम रही। सर्द हवाएं भी चलती रहीं। सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। 10 बजे तक ठंड के चलते मतदान स्थल पर ज्यादा लोग नहीं पहुंचे। 10 बजे के बाद तेज धूप निकली। जिसके बाद लोगों ने बढ़ चढ़कर मतदान स्थलों का रुख किया। जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आधा डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 15 किमी. प्रति घंटा रही।