मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जून को अलीगढ़ आ सकते हैं। प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस मामले में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास से लेकर गोशाला निर्माण तक सभी महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मनरेगा में धीमी गति से काम चलने पर असंतोष जताते हुए उन्होंने योजना के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जून से लेकर 10 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों का निरीक्षण करेंगे। इसके मद्देनजर प्रशासन सजग हो उठा है। प्रशासन 20 जून को लक्ष्य मानते हुए इस समय जिले में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से कराने की कोशिश में है। इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को विकास भवन में अपने कक्ष में विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन गो आश्रय स्थल एवं गोशालाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 20 जून से पहले सभी का निर्माण पूर्ण कर लिया जाय। लोकसभा चुनाव आचार संहिता के चलते मनरेगा के काम अब तक शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि सभी काम जल्द से जल्द शुरू करा दिये जाएं।
पौधरोपण के विभागीय लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग चिह्नित जमीनों पर गड्ढे खुदवाने का काम करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास से लेकर चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। सीडीओ अनुनय झा ने स्वीकार किया कि 20 जून से 10 जुलाई तक भ्रमण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री इस अवधि में कभी भी जनपद का भ्रमण कर सकते हैं। हम 20 जून को लक्ष्य मानकर विकास कार्यों का जल्द से जल्द क्रियान्वयन कराने की कोशिश कर रहे हैं।