मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ऑक्सीजन का ट्रक अलीगढ़, आगरा एवं मथुरा भेजने का आश्वासन दिया है। बोकारो से ऑक्सीजन लेकर ट्रेन बुधवार को लखनऊ पहुंचने वाली है। ऑक्सीजन को लेकर चारो तरफ हाहाकार मचा है। इसके अभाव में मरीजों की जान जा रही है।
मंगलवार को सांसद सतीश गौतम ने फोन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत की और ऑक्सीजन की समस्या से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने बुधवार को अलीगढ़, आगरा एवं मथुरा के लिए ऑक्सीजन ट्रक भेजने का आश्वासन दिया। सांसद ने बताया कि बुधवार को ऑक्सीजन लाने वाली ट्रेन बोकारो से लखनऊ पहुंच रही है।
यहां ऑक्सीजन पहुंचने के बाद तत्काल ऑक्सीजन के ट्रक अलीगढ़, आगरा एवं मथुरा जनपद भेज दिए जाएंगे। ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सांसद को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के साथ प्रतिदिन बैठक कर जनता को अधिक से अधिक मदद करने का प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनता के साथ खड़े रहने का वक्त है। ऑक्सीजन, इंजेक्शन और राशन जनता को समय से मिले, यह हमारा कर्त्तव्य होना चाहिए। सांसद ने प्राइवेट हॉस्पिटलों के संचालकों एवं डॉक्टरों से निवेदन किया है कि वह मरीज के साथ अच्छा व्यवहार एवं चिकित्सा संबंधी सुविधाएं देते रहे।