नगर सफाई मजदूर संघ और वाल्मीकि संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार सुबह से हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई। चंद घंटों में ही पूरे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए। हड़ताल से शहर में कूड़े का उठान भी बाधित हुआ। एटूजेड ने भी कूड़ा नहीं उठाया। शनिवार को शाम चार बजे एक बार फिर से प्रशासन नगर निगम और सफाई कर्मचारी संघ की बैठक है। इसमें कोई हल निकल आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
हड़ताल के चलते शहर के प्रमुख कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट शिवपुरी चौराहा, सराय हकीम चौक, ढपरा रोड डेयरी के पास, रेलवे रोड कोयले वाली गली डिवाइडर, जिला अस्पताल के सामने, मछली वाली गली के सामने, मसूदाबाद चौराहा, जमीराबाद बाल जीवन घुट्टी का नुक्कड़, केला नगर का डंपिंग, जमालपुर का आटोमैटिक डलाव घर, सेंटर प्वाइंट का डलाव घर, होटल मेलरोज इन के सामने, बारहद्वारी, महावीर गंज, सब्जी मंडी चौराहा, गांधी पार्क का डंपिंग, नौरंगाबाद, दुबे का पड़ाव सब्जी मंडी डंपिंग, सासनी गेट में खिरनी गेट का डंपिंग, हाथरस अड्डा, महेंद्र नगर, सुरेंद्र नगर, सुदामापुरी की डंपिंग, मीनाक्षी पुल के नीचे की डंपिंग, रेलवे स्टेशन के सामने, मेडिकल रोड पर डंपिंग आदि जगहों से कूड़े का उठान नहीं हुआ। यहां पर गुजरने वाले राहगीरों को बदबू और असुविधा का सामना करना पड़ा।
इससे पहले सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने एटूजेड प्लांट सहित अन्य स्थानों पर वाहनों के साथ जुलूस निकाला और काम बंद हड़ताल पर अडिग रहने के लिए आह्वान किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता आनंद शास्त्री, संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, राजकुमार खन्ना, बिल्लू चौहान, बबलू कमल, राधे घूरी ने कहा कि लगातार समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है। लेकिन तानाशाही रवैये के कारण हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा है। इस अवसर पर उत्तम उज्जैनीवाल, बबलू कमल, मानिक लाल नागर, राजकुमार, लल्ला पहलवान, बिल्लू चौहान, आनंद शास्त्री, महेंद्र राठौर, गुड्डू बैंजी, राहुल चेतन, डॉ. ज्ञानेंद्र आदि सैकड़ों सफाई कर्मी मौजूद थे।
यह है सफाई की व्यवस्था
शहर के सात स्वच्छता वार्डों में पांच में कूड़ा उठाने का काम एटूजेड करती है और दो में नगर निगम। लेकिन छोटी गलियों और मोहल्लों से कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट तक कूड़ा लाने का काम नगर निगम के सफाई कर्मचारी करते हैं। हड़ताल में एटूजेड़ को भी काम नहीं करने दिया गया।