रामघाट रोड पर इस कदर आधी सड़क तक खड़े किए जाते हैं वाहन।
- फोटो : neeraj
कोरोना काल के बाद हर क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ गई हैं। ऐसे में शहर के अंदर जाम की समस्या फिर से होने लगी है। इसका मुख्य कारण सुबह और शाम के वक्त शहर की सड़कें सिकुड़कर आधी रह जाती हैं। यहां से राह गुजरना मुश्किल हो जाता है तो घंटों का जाम भी लग जाता है। ऐसे में गर्मी की वजह से राहगीर बेहाल हो जाते हैं।
शहर के रामघाट रोड, जीटी रोड, आगरा रोड और शहर के विभिन्न बाजारों में हजारों की संख्या में व्यावसायिक संस्थान हैं। इन संस्थानों के बाहर सुबह आठ बजते ही दुकानदार अपना सामान बाहर रख लेते हैं। इसके बाद आधी सड़क तक बेतरतीब वाहनों को खड़ा किया जाता है।
इसका खामियाजा राहगीरों को उठाना पड़ता है। सड़क पर वाहन गुजरने के लिए काफी कम जगह बचती है तो बड़े वाहनों के आने पर जाम लग जाता है। गर्मी के चलते लोग घंटों तक जाम में फंसे रहने पर परेशान हो जाते हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न बाजारों में जगह-जगह लगने वाले ठेल ढकेल के साथ लोग गाड़ियों को भी खड़ा कर देते हैं। इस वजह से भी बाजारों में जाम की स्थिति देखने को मिलती है।