चुहरपुर में नगर निगम द्वारा चलाया गया अतिक्रमण अभियान।
- फोटो : CITY OFFICE
नगर निगम ने बन्ना देवी क्षेत्र के चूहरपुर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को गुरुवार को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई को गलत बताया है।
नगर निगम के चूहरपुर स्थित गाटा संख्या 203 पर लगभग 1280 वर्गमीटर भूमि है। इसमें 250 वर्ग गज पर बरात घर, रास्ता तथा कुछ पुराने मकान बने हैं। इस गाटा संख्या पर पूर्व में बनी बाउंड्रीवाल पर कुछ लोगों फिर से निर्माण कराकर अतिक्रमण करने का प्रयास किया। इस पर जोनल अधिकारी अजीत कुमार राय और विजय गुप्ता मौके पर पहुंच गये। सूचना पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय व जोनल अधिकारी सभापति यादव समेत निगम की टीम पहुंची। अवैध बाउंड्रीवाल को टीम ने ध्वस्त करा दिया। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि नाले, नालियों, सड़क व पटरी पर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण लोग तत्काल हटा लें अन्यथा नगर निगम ऐसे लोगों के अतिक्रमण ध्वस्त व जुर्माना वसूल करेगा तथा एफआईआर भी दर्ज करायेगा। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का दावा है कि उनके निर्माण गलत तरीके से ध्वस्त किए गए हैं। वह अपने सभी कागज आदि लेकर गुरुवार की रात को महापौर मो. फुरकान से भी मिलने गए।