सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सेंटर प्वाइंट स्थित नवनिर्मित सिटी सेंटर मॉल का घटनाक्रम के दो दिन बाद संचालन बुधवार सेे शुरू हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मॉल के अंदर व बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। मॉल खुलने से दुकानदारों के साथ साथ ग्राहकों के चेहरों पर भी खुशी थी।
10 जनवरी को सिटी सेंटर मॉल पर सुबह साढ़े 10 बजे सफाई कर्मी को गोली मारने की घटना के बाद मॉल व आसपास के लोगों में दहशत का माहौल था। घटना के बाद वहां तोड़फोड़ हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मॉल को बंद करा दिया था। एहतियातन यहां काफी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। बुधवार को मॉल का संचालन शुरू होने के बाद आसपास के लोगों भी खुश नजर आए। पुलिस की मौजूदगी में सुबह 11 बजे मॉल खुला। मॉल खुलते ही ग्राहकों का आना-जाना भी शुरू हो गया। दुकानदार भी खुश नजर आए।
आज मॉल खुल गया है। ग्राहकों का आना भी शुरू हो गया है। कुछ लोगों की एडवांस बुकिंग थीं। वह भी फोन कर आ गए। दो दिन बंद रहने से काम का नुकसान तो हुआ, लेकिन अब सब सामान्य है।
-नफीसा अख्तर, मैनेजर, लुक्स सैलून
मॉल खुलने से रोजगार वापस आ गया है। दो दिन से मॉल बंद था तो घर बैठे थे। डर तो लग रहा था, लेकिन पुलिस की मौजूदगी है तो कोई दिक्कत नहीं है। अब सब सही है।
-शीलेंद्र उपाध्याय, स्वीट कॉर्नर