कोरोना महामारी को नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। इसमें कोरोना कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम ने एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार के विषय में बताया कि उनकी ड्यूटी कंट्रोल रूम की आरआरटी टीम में लगी है। पांच दिन की छुट्टी लेकर गए थे। आठ दिन बीतने के बाद भी नहीं लौटे हैं। संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे हैं। इस पर डीएम ने सीएमओ को मनोज की की तनख्वाह रोकने सहित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में डीएम को सीएमओ ने जानकारी दी कि जिले में मंगलवार को 19 व्यक्ति कोविड संक्रमित पाए गए। इनको लक्षणों के आधार पर एल-2 अस्पताल/होम आइसोलेशन में भर्ती किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। इनके संपर्क वालों की जांच की जाएगी। कोविड कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम ने बताया कि सीएचओ मनोज कुमार द्वारा कार्य के प्रति उदासीनता की जा रही है। इस पर डीएम ने सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा स्मृति गौतम ने बताया कि जिले में अब कुल 273 कोविड मरीज सक्रिय हैं, जिसमें 106 होम आइसोलेशन में हैं। सभी मरीजों की कोविड कंट्रोल रूम के द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।