मौसम में बदलाव से बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। क्षेत्र के गांव नगला दोहरा में बुखार से पीड़ित एक बालक की मौत हो गई, उसके दो भाइयों सहित 11 लोग बुखार से पीड़ित हैं।
गांव नगला दोहरा निवासी बुद्धसेन ने बताया कि मेरे बेटे दीपक (11) को शुक्रवार की शाम बुखार आया था, उसे शनिवार सुबह छर्रा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार की दोपहर दीपक की हालत को गंभीर बताया, इस पर वह उसे लेकर अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां दीपक को डेंगू बुखार बताकर भर्ती कर लिया, शनिवार की रात करीब 2:00 बजे उसकी मौत मौत गई। दीपक के दो भाई रीतेश और राजीव भी बुखार से पीड़ित हैं, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं गांव के बाबूराम (55) को बुखार से पीड़ित होने पर अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, परिजनों के मुताबिक उन्हें डेंगू बताया है। गांव में ललतेश (16), आशाराम (75), रामबाबू (70), गौरा (11), अलिप (5), पीतांबर (22), विनीता (21), राजेश (13) भी बुखार सर्दी खांसी की बीमारी से परेशान है। ये सभी अलग-अलग स्थानों पर झोलाछाप से अपना इलाज करा रहे हैं।
सीएचसी प्रभारी डॉक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि अभी तक गांव नगला दोहरा की बुखार की कोई जानकारी नहीं मिली है। आशा वर्कर से जानकारी कर गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और दवा का वितरण किया जाएगा।