कोतवाली क्षेत्र के गांव भरियाका में रविवार को पिता के जरिए अनजाने में बेटे की जान चली गई। बेटे का शव देखकर पिता और परिवार वालों का रोकर बुरा हाल था। गांव वाले भी इस घटना को लेकर बेहद गम में हैं।
भरियाका निवासी अवधेश तोमर अपना ट्रैक्टर लेकर निकल रहे थे। इसी बीच उनके छह वर्षीय बेटे तरुण तोमर ने भी ट्रैक्टर पर बैठने की जिद की। बेटे की जिद पर पिता अवधेश तोमर ने उसे ट्रैक्टर में बिठा लिया। कुछ देर बाद ही तरुण अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा।
इस पर पिता ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की लेकिन बेटे के शरीर के एक ओर से ट्रैक्टर का पिछला पहिया निकल गया। बुरी तरह से घायल तरुण को लेकर परिवार वाले तत्काल खुर्जा पहुंचे लेकिन उसकी जान न बच सकी।