समाजवादी पार्टी में मुख्यमंत्री के बागी तेवरों से सपा के विधायकों में खलबली मच गई है। गुरुवार को जारी हुई सीएम की नई लिस्ट में तीन वर्तमान विधायकों जफर आलम, वीरेश यादव और राकेश सिंह के नाम हैं। सबसे उल्लेखनीय बात छर्रा विधायक ठा.राकेश सिंह को उम्मीदवार बनाया जाना है। एक दिन पहले ही मुलायम सिंह यादव ने राकेश का टिकट काटकर पूर्व ब्लाक प्रमुख ठा. तेजवीर सिंह को उम्मीदवार घोषित किया था। सीएम की लिस्ट आने के बाद राकेश काे संजीवनी मिल गई है। सीएम की नई सूची से कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह का नाम गायब है, जिससे कोल विधानसभा क्षेत्र की सियासत में हलचल मच गई है।
अलीगढ़ की सात विधानसभा सीटों पर सपा ने अब तक दो सूची जारी की हैं। बुधवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने विधायक जफर आलम, जमीरउल्लाह और वीरेश यादव सहित छह प्रत्याशी यथावत रखते हुए केवल एक सीट छर्रा विधानसभा पर वर्तमान विधायक ठा. राकेश सिंह को हटा कर धनीपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठा. तेजवीर सिंह को प्रत्याशी घोषित किया था। मुलायम सिंह यादव की सूची में छर्रा विधायक ठा. राकेश सिंह का नाम शामिल नहीं था, इसलिए वह संकट में आ गए थे, लेकिन सीएम की सूची से उन्हें संजीवनी मिली है। सीएम की सूची आने के बाद जफर आलम और वीरेश यादव का टिकट पक्का माना जा रहा है, क्योंकि इन दोनों के नाम मुलायम सिंह और अखिलेश यादव दोनों की सूची में हैं। जबकि राकेश सिंह और हाजी जमीरउल्लाह के नाम को लेकर गफलत बनी हुई है, क्योंकि एक का नाम सिर्फ मुलायम की सूची में है, जबकि दूसरे का नाम सिर्फ सीएम की सूची में है।