भाकियू नेता विजय तालान को दो बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए। सीने में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टप्पल क्षेत्र के गांव वैना निवासी विजय तालान वर्तमान में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव हैं।
सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी पत्नी तारा देवी के साथ गाड़ी में सवार होकर वैना से टप्पल स्थित फार्म हाउस पर पहुंचे। दोनों गाड़ी से उतरे ही थे कि पहले से घात लगाये दो बदमाशों ने विजय तालान के सीने से सटाकर गोली चला दी और मौके से फरार हो गये। विजय खून से लथपथ हो गए।
इसके बावजूद विजय खुद थाने पहुंचे। यहां से पुलिस और वैना प्रधान मनोज तालान ने विजय को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें देर रात नोएडा रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक उनका ऑपरेशन चल रहा था।
वहीं भाकियू नेता व बड़े भाई अनिल तालान का कहना था कि डाक्टर विजय को खतरे से बाहर बता रहे हैं, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। वहीं सीओ खैर ओमप्रकाश सिंह का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
बता दें कि विजय तालान इस बार जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में वार्ड नंबर 19 से मैदान में उतरे थे, जहां बसपा नेता ज्ञानेंद्र सिंह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पुलिस राजनीति को लेकर भी मामले की तह तक जाना चाह रही है। वहीं चौकीदार ने बताया कि घटनास्थल पर दो युवक करीब दो घंटे से घूम रहे थे। उन्होंने ही विजय तालान को गोली मारी।