खैर में नवरंग पान भंडार पर चाय पर चर्चा करते स्थानीय लोग। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
खैर कस्बे को पार्क और सीएचसी को चिकित्सा स्टाफ की दरकार है। ये दोनों सुविधाएं मिल जाएं तो सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। यह कहना है खैर के छोटा चौराहा स्थित नवरंग पान भंडार पर आयोजित चुनावी चाय में स्थानीय लोगों का। लोगों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर में एक ही डॉक्टर तैनात हैं, जबकि क्षेत्र काफी बड़ा है। इसीलिए जो भी प्रत्याशी समर्थन मांगने आएगा। उसे इन दो समस्याओं का निदान विधायक बनने के बाद सबसे पहले कराना होगा।
सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि खैर मैं आज तक किसी विधायक ने बच्चों के बारे में और बुजुर्गों के बारे में नहीं सोचा है।
कस्बे में न तो किसी ने पार्क बनवाया और न ही स्टेडियम। महेश गौतम ने कहा कि कस्बे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही लापरवाही को देखते हुए चिकित्सा स्टाफ की तैनाती करानी होगी, जो भी जनप्रतिनिधि बनकर आए, उसे स्वास्थ्य सेवाओं को गंभीरता से देखना होगा। लक्ष्मीनारायण वर्मा ने कहा कि जो भी विधायक बनकर आए, उसे जनता के बीच रहना होगा। कोरोना काल जैसी स्थिति में घर के अंदर नहीं बैठना है। सत्यदेव रसिक ने कहा कि कस्बे में जाम बहुत लगता है। व्यापारी परेशान रहते हैं। इससे निजात के लिए भी विधायक को काम करना होगा। अगर कोई प्रत्याशी हमें संतुष्ट नहीं कर पाया तो नोटा का बटन दबाएंगे। कुंवर पाल शर्मा ने कहा कि जो प्रत्याशी कस्बे को जाम मुक्त बनाने के लिए काम करेगा। उसी को समर्थन दिया जाएगा।