नगर पंचायत मेंडू के मोहल्ला अहेरियाना निवासी मीनू गुप्ता निर्दलीय प्रत्याशी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयोग को शिकायत भेजी है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि उन्होंने 22 अप्रैल को अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा था। उसकी बेटी की शादी 12 मई को है। सगाई के लिए वह दिल्ली गई थी।
जब सुबह घर लौटी तो जिले के चार अधिकारी घर के सामने खड़े मिले। अधिकारी कहने लगे कि तुम अपना अध्यक्ष पद का पर्चा वापस ले लो नहीं तो अभी तुम्हारे दो बेटों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज हुई है और अगर पर्चा वापस नहीं तो तुम्हें और तुम्हारे पति चतुर्भुज गुप्ता को फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे।
उल्लेखनीय है कि चतुर्भुज गुप्ता उर्फ चतुरा को यहां सट्टा किंग के नाम से जाना जाता है। उस पर सट्टा करने, गैंगस्टर सहित 40 से ज्यादा मुकदमे जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पिछले दिनों उसके दो बेटों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब उसकी पत्नी मीनू गुप्ता मेंडू नगर पंचायत से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रही है। संवाद