खिरनी गेट दिगंबर जैन खंडेलवाल मंदिर से निकलाई गई रथयात्रा को हरी झंडी दिखाते पूर्व एमएलसी जगवीर
- फोटो : Samvad
दसलक्षण महापर्व के समापन पर रविवार को सकल जैन समाज ने क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। सुबह मंदिरों में अभिषेक, पूजन और शांतिधारा के बाद श्रीजी की पालकी निकाली गई। दोपहर में भगवान श्रीजी की रथयात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान महावीर के जयकारे गूंजते रहे।
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन खंडेलवाल मंदिर पंचायत से उपाध्याय मुनि शिवदत्त सागर महाराज और प्रतिष्ठाचार्य राकेश भैया के निर्देशन में पालकी श्री लख्मीचंद पांड्या खंडेलवाल दिगंबर जैन ट्रस्ट मंदिर पहुंची। यहां सागर से आईं दीक्षा जैन के भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद रथयात्रा का शुभारंभ एमएलसी डाॅ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी जगवीर किशोर जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रथयात्रा आगरा रोड, बजरिया और बराई होते हुए श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन खंडेलवाल मंदिर पंचायत पहुंची। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और महिलाएं कीर्तन करते हुए चल रही थीं। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत कर श्रीजी की आरती की। समापन पर बड़े मंदिर में श्रीजी का जलाभिषेक किया गया।
इसके बाद जैन समाज के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए क्षमा मांगी और आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। आयोजन में विजय कुमार जैन, पारस जैन, महेंद्र कुमार जैन पांड्या, सौरभ जैन पांड्या, मनोज जैन, धर्मेंद्र कुमार जैन, सारांश जैन पांड्या, अनिल जैन दोषी, मुकेश जैन, गगन जैन आदि का सहयोग रहा।