अलीगढ़ शहर के प्रमुख श्री हनुमान जी महाराज मंदिर समिति, महावीरगंज की जन परिषद की साधारण सभा में मंदिर के संचालन और व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। तय किया गया कि मंदिर परिसर में महिलाओं का नृत्य वर्जित रहेगा। साथ ही, गर्भ गृह में आम लोगों का प्रवेश भी वर्जित किया गया है। एक निजी पैलेस में आयोजित इस सभा में मंदिर के वरिष्ठ और नए पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
तय किया गया कि मंदिर के एक कमरे को खाली कराया जाएगा और उस स्थान पर किसी विद्वान एवं कर्मकांडी ब्राह्मण की नियुक्ति की जाएगी। मंदिर के ऊपर बने शौचालय को तुरंत हटाया जाएगा। मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी कराया जाएगा। मंदिर के पीछे लगे शटर को हटाया जाएगा। मंदिर के कैमरे का संचालन मंदिर की कमेटी को सौंपा जाएगा। इसके अलावा, वर्तमान ब्राह्मण को तत्काल प्रभाव से मंदिर की संबंधित कमेटी को सभी संबंधित वस्तुओं की सूचीवार रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
यह पूरी कार्यवाही निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश वार्ष्णेय की देखरेख में संपन्न हुई। सभा में अध्यक्ष संजीव रतन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल भगत, उपाध्यक्ष विष्णु ठाकुर, सचिव अमित कुमार वार्ष्णेय (किराना), कोषाध्यक्ष दीपक वार्ष्णेय, अंकेक्षक ललित कुमार वार्ष्णेय समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य, व्यापारी नेता प्रमोद अग्रवाल और सपा नेता मनोज यादव भी मौजूद थे।