प्रधानाचार्य डॉ. मनीषा अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व कार्यवाहक प्रधानाचार्या हेमलता ने मिड-डे-मील की धनराशि अपने नाम, अपने बच्चों, परिचितों, संबंधियों व विभिन्न फर्मों के नाम पर अवैध रूप से निकालकर गबन किया है।
अलीगढ़ के चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज में मिड-डे-मील (एमडीएम) खाते और कॉलेज के अन्य मदों में वित्तीय अनियमितताओं और 60 लाख रुपये गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में डीएम और डीआईओएस ने जांच बिठा दी है।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य डॉ. मनीषा अग्रवाल ने कॉलेज में अन्य मदों में भी बिल-वाउचर में हेराफेरी और फर्जीवाड़ा करने की शिकायत डीआईओएस, संयुक्त शिक्षा निदेशक और डीएम से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व कार्यवाहक प्रधानाचार्या हेमलता ने मिड-डे-मील की धनराशि अपने नाम, अपने बच्चों, परिचितों, संबंधियों व विभिन्न फर्मों के नाम पर अवैध रूप से निकालकर गबन किया है। उन्होंने कहा कि 60 लाख रुपये के गबन का मामला सिद्ध होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस मामले की जांच के लिए डीएम के निर्देश पर एडीएम (वित्त व राजस्व) प्रमोद कुमार ने तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति के अध्यक्ष अपर उप जिलाधिकारी मोहम्मद अमान, सदस्य डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह, सदसय कोषाधिकारी पूजा श्रीवास्तव हैं। उधर, डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने भी जांच समिति गठित की है। समिति में एडीआईओएस राजकिशोर, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी समग्र शिक्षा ज्ञानेंद्र कुमार, राजकीय नौरंगीलाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रवींद्र पाल सिंह तोमर होंगे।