यूपी बोर्ड परीक्षा की फर्जी समय सारिणी को सोशल मीडिया पर साझा करने पर मुकदमा दर्ज होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अभी तक परीक्षा को लेकर कोई तिथि सार्वजनिक नहीं की है। पांच जून से बताई जा रही परीक्षाओं की सूचना भ्रामक है। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि वायरल की जा रही फर्जी सूचना का संज्ञान न लें। वहीं सोशल मीडिया पर जो इन फर्जी सूचनाओं को साझा करेगा, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बता दें कि सोमवार को सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने लगा कि पांच जून से लेकर 25 जून तक यूपी बोर्ड परीक्षा संपादित होंगी। इतना ही नहीं परीक्षा की समय सारिणी भी प्रसारित की जा रही है। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया है अभी तक कोई समय सारिणी की घोषणा नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर फर्जी सूचना वायरल की जा रही है। परिषद के सचिव ने डीआईओएस को ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने कहा है कि गलत सूचना का संज्ञान न लें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।