बन्ना देवी क्षेत्र में हलाला के नाम पर महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महिला ने पति और उसके परिजनों पर मारपीट, जबरन निकाह कराने और तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 10 नवंबर 2024 को भुजपुरा निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि 23 मई को पति ने उसके साथ मारपीट कर तीन तलाक दे दिया। इसके बाद दोबारा निकाह के लिए हलाला करने का दबाव बनाया गया।
आरोप है कि पति के भाइयों ने करीब 15 दिन तक उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद एक मौलवी को बुलाकर जबरन निकाह पढ़वाया गया और देवर के साथ आठ दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। सीओ धनंजय कुमार के मुताबिक पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।