शेरवानी फिजियोथेरेपी सेंटर पर डॉ. आसिफ, उसके पिता डॉ. आरिफ शेरवानी व डॉ. रफीकुल्ला ने सुमित की गर्दन में गमछा डालकर खींचा। जिससे सुमित की गर्दन की हड्डी टूट गई है। पांच माह बाद सुमित की मौत हो गई।
टूंडला के पूर्व विधायक के बेटे की मौत के मामले में क्वार्सी पुलिस ने कथित डॉक्टर आरिफ शेरवानी के बेटे आसिफ को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले पिता को जेल भेजा गया था। बता दें कि पिता पुत्र के धौर्रा स्थित कथित शेरवानी फिजियोथेरेपी सेंटर (एसएस हरबल थेरेपी सेंटर) में उपचार से पूर्व विधायक के बेटे की तबीयत बिगड़ी थी और पांच माह बाद मौत हो गई थी।
विज्ञापन
फिरोजाबाद के टूंडला चौराहा निवासी भाजपा नेता व पूर्व विधायक शिव सिंह चक के बेटे सुमित को पिछले वर्ष कथित शेरवानी फिजियोथेरेपी सेंटर पर लाया गया था। यहां सेंटर पर मौजूद डॉ. आसिफ, उसके पिता डॉ. आरिफ शेरवानी व डॉ. रफीकुल्ला ने सुमित की गर्दन में गमछा डालकर खींचा। जिससे सुमित की गर्दन की हड्डी टूट गई। बाद में डॉक्टरों ने उपचार में हाथ खड़े कर दिए और छह दिसंबर को सुमित की मौत हो गई।
इस मामले में दुर्घटना के समय ही पूर्व विधायक ने क्वार्सी में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने चार्जशीट दायर कर दी थी। अब सुमित की मौत के बाद मामले में उपचार में लापरवाही से मौत की धारा बढ़ाते हुए अग्रिम विवेचना शुरू की है। इसी विवेचना के क्रम में क्वार्सी पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसएचओ क्वार्सी शिशुपाल शर्मा ने बताया कि पहले पिता को और अब बेटे को जेल भेजा गया है।